पुलिस लाइन में 20 बेड का ऑक्सीजन युक्त कोविड अस्पताल तैयार हो गया है। इसमें कोरोना वॉरियर्स के रूप में पुलिसकर्मियों को इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि पुलिस लाइन स्थित पुलिस अस्पताल में यह कोविड अस्पताल शुरू कराया गया है, जिसमे मेडिकल किट, इनवर्टर, ऑक्सीजन सिलिंडर, मेस चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ आदि की सुविधाएं दी गई हैं।
पुलिस लाइन परिसर में भाप लेने के लिए गरम पानी का गीजर, संक्रमण से बचाव के लिए ग्लब्स, पीपीई किट, फेस शील्ड आदि भी स्टाफ को मुहैया कराई जा रही हैं। उन्होंने एसपी सिटी व एसपी देहात को इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए हैं।
नए रिक्रूटों के लिए आदर्श बैरक तैयार
जिला पुलिस में प्रशिक्षण पर आने वाले रिक्रूटों के लिए पुलिस लाइन में कई दशक पुरानी बैरक को जीर्णोद्धार के बाद आदर्श बैरक के रूप में तैयार कराया गया है। इसे लेकर एसएसपी ने कहा है कि रिक्रूटस पुलिस का भविष्य होते हैं।
उन्हें उत्कृष्ट प्रशिक्षण के साथ साथ अन्य सुविधाएं भी दिया जाना जरूरी हैं। इसी क्रम में पुलिस लाइन परिसर में आदर्श बैरक तैयार कराई गई है। जिसमें अलमारी, 24 घंटे बिजली इत्यादि सुविधा उपलब्ध है। यह बैरक एसएसपी के निर्देश पर एसपी देहात द्वारा तैयार कराई गई है।