न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
आगरा रोड पर पानी की पाइप लाइन रिसने से सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए सासनी गेट की एडीए कालोनी निवासी डॉ. आलोक बंसल ने जिला विधिक प्राधिकरण में वाद दायर किया। जिसके बाद अदालत ने नगर आयुक्त और नगर निगम के अवर अभियंता को अदालत में तलब किया है।
दीपक बंसल एडवोकेट के माध्यम से दायर किए वाद में कहा गया है कि आगरा रोड गोशाला के सामने बीमा हास्पिटल के पास पानी की पाइप लाइन एक वर्ष से टूटी है। इसके कारण वहां पर दुर्घटना होती रहती है। इस संबंध में नगर निगम से कई बार शिकायत की गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे वहां से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी भारी परेशानी हो रही है। इस बात का संज्ञान लेते हुए अदालत ने नगर आयुक्त और अवर अभियंता को आठ फरवरी को अदालत में तलब किया है।