न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
राजस्थान के राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का 87वां जन्म दिन आज अलीगढ़ से लेकर लखनऊ तक में धूमधाम से मनाया जाएगा। प्रदेश के शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के लखनऊ स्थित 2 माल एवेन्यू आवास पर भाजपा नेताओं का तांता लगा हुआ है।
कल्याण सिंह के पुत्र एवं सांसद राजवीर सिंह राजू भैया, शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, छर्रा विधायक ठाकुर रवेंद्र पाल सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं राजू भैया के समधी ठाकुर श्यौराज सिंह, ठाकुर प्रवीणराज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर गोपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह, अमित चौधरी, अन्नू आजाद, जगमोहन गुप्ता, सुनील पांडेय, सुशील मित्तल आदि पहुंच गये हैं।
अलीगढ़ के अतिरिक्त एटा, बुलंदशहर एवं अन्य स्थानों से भी बड़ी संख्या में नेता एवं शुभचिंतक शुभकामनाएं देने पहुंच रहे हैं। प्रवीण राज सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह 9 बजे से हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
दोपहर 1 बजे कल्याण सिंह केक काटेंगे। जापान हाउस स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर जन्म दिवस पर हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसमें कल्याण सिंह की लंबी उम्र की कामना की जाएगी। भाजपा अनुसूचित मोर्चा द्वारा रामलीला मैदान पर दोपहर 2 बजे 11 किलो का केक काटकर जन्म दिन मनाया जाएगा।