न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
रविवार की रात आई आंधी और पानी से कई स्थानों पर पेड़ टूटकर बिजली की तारों पर गिर गए। जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रही। सोमवार की दोपहर बाद तक बिजली आपूर्ति ठीक करने की कवायद होती रही।
रविवार की रात अचानक बारिश और तेज हवाएं चलने लगीं। जिससे जिले के सभी 42 बिजली घरों को एहतियातन बंद कर दिया गया। जब बारिश और आंधी का प्रवाह थमा तो लाइनों की पेट्रोलिंग की गई और एक-एक फीडर पर सप्लाई चालू की गई।
शहर में बारहद्वारी, गांधी पार्क, गूलर रोड, सारसौल, घंटाघर, क्वार्सी, विक्रम कॉलोनी, स्वर्ण जयंती नगर, शाहजमाल, शांति निकेतन, भुजपुरा आदि बिजली घरों को बंद कर दिया गया।
देहात के अलावा शहर में भी गूलर रोड, सिविल लाइन, धनीपुर आदि इलाकों में पेड़ों की टहनियां टूटकर तारों पर गिरीं, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कुछ क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति को तो देर रात बहाल कर दिया गया था, जबकि कुछ क्षेत्र की आपूर्ति बहाल करने के लिए सोमवार को भी बिजली विभाग की टीमें लगी रहीं। सोमवार देर शाम तक स्थिति सामान्य हो सकी।