डीएस कॉलेज के चर्चित संजीव चौधरी हत्याकांड में कुर्की नोटिस जारी
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
चार दिन पहले गभाना थाना स्तर से छोड़े गए योगेश चौधरी ग्वालरा और उसके साथी हिस्ट्रीशीटर संजीव उर्फ रॉबी के खिलाफ अदालत ने कुर्की नोटिस जारी कर दिया है। धारा 82 के तहत यह नोटिस एडीजे-3 के न्यायालय से डीएस कॉलेज के बहुचर्चित संजीव चौधरी हत्याकांड में जारी किए गए हैं और हाजिरी की तारीख 6 मार्च नियत की गई है।
अगर वह हाजिर न हुए तो अदालत कुर्की आदेश जारी कर देगी। कुर्की नोटिस की उद्घोषणा कार्यवाही का जिम्मा इंस्पेक्टर गांधीपार्क को दिया गया है और आदेश की प्रति एसएसपी को भी भेजी गई है।
वर्ष 2002 में डीएस कॉलेज पर टप्पल निवासी छात्र संजीव चौधरी की हत्या कर दी गई थी। इस मुकदमे में वर्तमान में सपा युवजन सभा जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह कालू के अलावा योगेश चौधरी निवासी ग्वालरा हरदुआगंज, संजीव रॉबी निवासी कलाई हरदुआगंज आदि नामजद किए गए थे।
कालू इन दिनों जेल में है, जबकि मुकदमा अदालत में निर्णय की ओर बढ़ रहा है। वर्तमान में बहस की प्रक्रिया चल रही है। इस मामले में हाईकोर्ट भी त्वरित सुनवाई कर जल्द मुकदमा निस्तारण का आदेश जारी कर चुका है। बहस शुरू होने के बाद से ही योगेश व रॉबी इस मामले में गैर हाजिर हैं और फरार हो गए हैं।
अदालत ने एनबीडब्ल्यू जारी किए तो वह दोनों के फरार होने के कारण तामील नहीं हो सके। इस पर अदालत ने दोनों के खिलाफ धारा 82 के तहत कुर्की की उद्घोषणा का नोटिस जारी करते हुए 6 मार्च नियत कर दी है। बता दें कि इसी योगेश को चार दिन पहले गभाना पुलिस ने वारंटों की जानकारी न होने पर हिरासत में लेने के बाद थाने से छोड़ दिया था।