एप्पल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड बंगलुरू ने भरा शमन शुल्क
ब्यूरो,अमर उजाला , अलीगढ़।
विधिक माप विज्ञान विभाग अलीगढ़ कार्यालय ने एप्पल कंपनी के आईफोन के विज्ञापन में स्क्रीन साइज नहीं बताने पर एक लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। वरिष्ठ निरीक्षक हरीश प्रजापति ने बताया कि बीती 12 अक्तूबर 2017 को एप्पल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड बंगलुरू की ओर से अंग्रेजी समाचार पत्रों में एक विज्ञापन प्रकाशित कराया गया था। जिसमें मैक बुक प्रो, आईफोन-7 और आईफोन-8 के मूल्य ईएमआई के रूप में अंकित किए गए।
इस विज्ञापन में मोबाइल की स्क्रीन साइज का कहीं जिक्र नहीं किया गया था। नियमानुसार कंपनी को फोन की स्क्रीन साइज भी बतानी चाहिए। विज्ञापन में एक बात और लिखी गई थी.. प्रोडक्ट फीचर्स वैरी माडल..।
यानी कि ये जरूरी नहीं है जो फीचर्स आपको बताए गए हैं वह आपको मिलने वाले मोबाइल में भी हों। ऐसे में विभाग ने ऐसे विज्ञापन को भ्रामक मनाते हुए इस पर संज्ञान लिया। एप्पल इंडिया को विभाग की ओर से कारण बताओ नोटिस दिया गया। जिसका जवाब नियमानुसार सही नहीं मिला। इस पर कंपनी के चार डायरेक्टरों पर 25-25 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया गया।
एप्पल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने इस शुल्क की अदायगी एक लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करा कर किया। प्रजापति ने बताया कि एप्पल के साथ ही मोबाइल की डिस्ट्रीब्यूटर्स चार अन्य कंपनियों को भी अलग अलग नोटिस दिए गए हैं जो देश के अलग-अलग शहरों से काम करती हैं। इन कंपनियों का जवाब अब तक नहीं मिला है।
इनमें इन्ग्राम माइक्रोइंडिया, राशि पेरीफिरल, एचसीएल इंफोसिस्टम, रेडींगटन इंडिया और ब्राइटस्टार टेलीकम्यूनिकेशन शामिल हैं। हरीश प्रजापति ने बताया कि अब इन कंपनियों के जवाब का इंतजार है। जवाब मिलने पर विधिसंगत कार्रवाई की जाएगी।