राजकीय महाविद्यालय में दौड़ा-दौड़ाकर काट रहे बंदर
ब्यूरो, अमर उजाला, ख्रैर (अलीगढ़)।
राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय में कुछ दिनों से पठन-पाठन ठप है। वजह भी अजीब किंतु दहशत वाली है। कुछ कटखने बंदरों ने कालेज में असहज हालात पैदा कर दिए हैं।
दस दिनों में पूर्व प्राचार्य, प्रवक्ता व तीन कर्मचारियों को कटखने बंदर काट चुके हैं। इससे कालेज के छात्र-छात्राएं दहशत में हैं। प्राचार्या ने वन विभाग समेत डीएम को पत्र लिखकर बंदर पकड़वाने की गुजारिश की है।
प्राचार्या डा. सरिता रानी गोयल के अनुसार कालेज में किसी को भी अकेला देख यह बंदर उस पर हमला कर देते हैं। प्रवक्ता डा. देवेंद्र पाल अपने विभाग के कार्यालय में बैठे थे, उसी समय कटखने बंदर ने हमला कर उनकी गर्दन पर बुरी तरह से काट लिया।
कर्मचारी मनीष कुमार को ऑफिस में ताला बंद करते समय घेरकर बंदरों ने घायल कर दिया। कर्मचारी रिंकू को बंदर दो बार काट चुके हैं। पूर्व प्राचार्य एन कुमार व्यक्ति कार्य से कॉलेज आए थे, उन पर भी बंदरों ने हमला बोल दिया। उनके दोनों पैरों पर जगह-जगह काटकर लहूलुहान कर दिया। बंदरों के इन हमलों से छात्र-छात्राएं दहशत में हैं। कालेज आने से कतरा रहे हैं।