राजस्थानी नृत्य देखकर खिले फ्रांसीसी छात्रों के चेहरे
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
राजस्थानी लोकनृत्य देखकर फ्रांस से पहुंचे स्कूली छात्रों के चेहरे खिल उठे। छात्रों ने भारतीय लोकनृत्य व समूहगान के अतिरिक्त रैंप वॉक, फ्यूजन नृत्य एवं स्लाइड शो आदि का लुत्फ भी उठाया।
दिल्ली पब्लिक स्कूल एवं फ्रांस के लेसी प्राइव ओजेनम स्कूल के छात्रों के मध्य इंडो फ्रेंच कल्चर एक्सचेंज प्रोग्राम चल रहा है। इसके अंतर्गत फ्रांस के 21 छात्र-छात्रा अलीगढ़ पहुंचे है। 14 दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र तालानगरी स्थित डीपीएस सिविल लाइंस पहुंचे। डीपीएस सिविल लाइंस, अलीगढ़ की प्रधानाचार्या रैना कृष्णात्रे ने फूलों का गुलदस्ता भेंटकर छात्र-छात्राओं का स्वागत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अतिरिक्त छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेलों में हिस्सा भी लिया। एक्सचेंज प्रोग्राम के कोआर्डिनेटर उप प्रधानाचार्य चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि फ्रांसीसी छात्रों के अपने वतन वापस पहुंचने के साथ ही डीपीएस के छात्र भी फ्रांस जाएंगे और वहां की संस्कृति, रहन-सहन एवं शिक्षण पद्धतियों को समझेंगे।
उल्लेखनीय है कि 14 दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत पहुंचे फ्रांसीसी बच्चे दीपावली के दिन भी डीपीएस के छात्र-छात्राओं के घरों में रहकर त्योहार को नजदीक से महसूस किया। इसके अतिरिक्त छात्रों के घर रहकर भारतीय सभ्यता, संस्कृति, रहन-सहन एवं खान-पान आदि को नजदीक से देखा है।