राज्यमंत्री के गांव में पानी की आपूर्ति ठप
ब्यूरो, अमर उजाला, अतरौली (अलीगढ़)।
शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के पैतृक गांव मढ़ौली में एक मोबाइल कंपनी की ओर से बिछाई जा रही लाइन के कारण पानी आपूर्ति वाला पाइप फट गया। इससे गांव में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
यह जानकारी होते ही पालिका कर्मी पाइप लाइन ठीक करने में जुट गए हैं। बगैर परमीशन के मोबाइल की लाइन बिछाने पर नगर पालिका ने ठेकेदार व कंपनी को नोटिस दिया है।
शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह का पैतृक गांव मढ़ौली नगर पालिका की सीमा में लगता है। मढ़ौली में पेयजल आपूर्ति के लिए नगर पालिका ने पाइप लाइन बिछा रखी है। एक मोबाइल कंपनी की लाइन मढ़ौली होकर दूसरे टॉवर तक ले जाई जा रही है।
पालिका का आरोप है कि मोबाइल कंपनी की लापरवाही से पाइप लाइन फट गई। इससे गांव में आपूर्ति ठप हुई। चूंकि गांव शिक्षा राज्यमंत्री का है, इसलिए नगर पालिका कर्मी भी आननफानन पाइन लाइन ठीक करने में जुट गए।
शुक्रवार देर रात तक पाइप लाइन ठीक करने में कर्मचारी लगे रहे। जलकल इंजीनियर राजकुमार ने बताया कि पाइप लाइन ठीक कराई जा रही है।