अलम में उतरे करंट से युवक की मौत
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के देहली गेट इलाके में शनिवार देर रात मुहर्रम के जुलूस के दौरान अलम में उतरे करंट से चिपककर एक युवक की मौत हो गई। युवक के परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल और वहां से मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। मगर डॉक्टरों ने उसे दोनों ही जगहों पर मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम की कार्रवाई के शव ले लिया।
बताया गया है कि देहली गेट के फातिमा नगर के इकबाल के 5 बेटों में सबसे छोटा 18 वर्षीय फरहान शनिवार देर रात इलाके में निकल रहे अलम के जुलूस में शामिल था।
इसी दौरान शबा मार्केट के पास अलम ऊपर विद्युत तार से छू गई और उसमें करंट उतर आया। इस दौरान फरहान करंट से झुलस गया और वहां अफरा-तफरी मच गई।
आनन-फानन उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां से तत्काल उसे मेडिकल रेफर किया गया। वहां भी देखते ही मृत घोषित कर दिया गया। एसओ देहली गेट के अनुसार परिजनों की इच्छा पर बिना पोस्टमार्टम के पंचायतनामा भर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
प्रेस में उतरे करंट से युवक की मौत
बन्नादेवी के बरौला निवासी 26 वर्षीय आबिद पुत्र अब्दुल कयूम शनिवार शाम घर में प्रेस करते समय करंट से चिपक गया। इस पर उसे अस्पताल भी लाया गया। मगर उसकी मौत हो गई। बाद में परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।