ट्रेन और बसों की छत पर बैठकर किया सफर
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर सोमवार को ट्रेनों और बसों में दोपहर तक जबरदस्त भीड़ रही। जल्दी जाने के चक्कर में लोग अपनी जान को दांव पर लगाकर बसों और ट्रेनों की छतों पर यात्रा करने से भी नहीं चूके। लंबे रूटों पर रोडवेज बसों के चलने के कारण कासगंज, एटा और मथुरा रूट पर कुछ समय के लिए बसों की किल्लत रही। जिसका फायदा प्राइवेट बस और वाहन संचालकों ने उठाया। लंबे रूट की कुछ बसों में एक-दो महिलाओं के टिकट कंडेक्टर ने बना दिए थे। लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि महिलाओं का टिकट जीरो पैसे का बनना है, तो उन्होंने जीरो रुपये का टिकट जारी किया।
उधर, दिल्ली से हावड़ा रूट पर चलने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों की जबरदस्त भीड-भाड़ रही। दोपहर को ट्रेनों में अधिक भीड़ होने के कारण इंस्पेक्टर जीआरपी डीके पांडेय और इंस्पेक्टर आरपीएफ नवल किशोर थाना पुलिस के साथ यात्रियों की सुरक्षा में लगे रहे। वहीं बारिश में लोगों ने काफी समस्या का सामना किया।
बाक्स
महिलाओं ने एसी और वॉल्वो बसों में किया फ्री सफर
प्रदेश सरकार द्वारा रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए फ्री यात्रा की घोषणा करने के बाद बस अड्डों पर भीड़ का दबाव बढ़ गया। फ्री यात्रा की जानकारी मिलने के बाद महिलाओं ने एसी एवं वॉल्वो बसों में ही सफर करना उचित समझा। त्योहार के चलते जगह-जगह लगे जाम में गाड़ियां फंसने के कारण गांधी पार्क एवं मसूदाबाद बस स्टेंड पर बसों का टोटा भी रहा। बस को आने की देर नहीं होती कि उसमें सवारियां भर जातीं।