अब प्रधानाचार्य के पति पर अभद्रता का आरोप
ब्यूरो, अमर उजाला, गोंडा (अलीगढ़)।
लगसमा कन्या इंटर कालेज में कार्यवाहक प्रधानाचार्य और प्रबंधक के बीच विवाद और गहरा गया है। अब कन्या प्राइमरी पाठशाला की सहायक अध्यापिका ने लगसमा कन्या इंटर कालेज की कार्यवाहक प्रधानाचार्य और उनके पति समेत कई लोगों पर मारपीट, अभद्रता की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
यह रिपोर्ट न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुई है। सहायक अध्यापिका पिंकी चौधरी के अनुसार 22 जुलाई को कालेज में एडी बेसिक का दौरा था। प्रधानाचार्य ने प्राइमरी पाठशाला जबरन संचालित करने का आरोप प्रबंधक पर लगाया था।
अध्यापिकाओं के विरोध जताने पर प्रबंधक को फंसाने की धमकी दी। इसके बाद अपने पति राजकुमार, सुभाष बाबू, लिक्कू, संजीव कुमार निवासी पीपली को कालेज बुला लिया। शिक्षिका का आरोप है कि उक्त लोग उसकी कक्षा में घुस आए।
हाजिरी रजिस्टर व अन्य कार्य जबरन ले जाने लगे। विरोध करने पर मारपीट करते हुए उससे अभद्रता की। शोन सुनकर बचाने पहुंची शिक्षिका अपराजिता से भी अभद्रता की। अन्य शिक्षकों एवं एवं कालेज में काम कर रहे मजदूरों को आता देखकर तमंचा लहराकर धमकी देते हुए भाग निकले।
उल्लेखनीय है कि कार्यवाहक प्रधानाचार्या मुन्नी शर्मा ने 22 जुलाई को प्रबंधक, उनके भाई, भतीजे व अन्य पर मारपीट व अभद्रता की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मुकदमा दर्ज होने पर क्षेत्रीय लोगों ने रोष जताते हुए लगसमा इंटर कालेज में बैठक कर प्रबंधक पर रिपोर्ट की निंदा की थी। थाने पर पहुंचकर प्रबंधक के पक्ष में मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी व एसएसपी को संबोधित ज्ञापन थाना प्रभारी शंभू तिवारी को सौंपा था।