पांच दिन जांच के बाद सीबीआई अधिकारी देहरादून रवाना
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
पांच दिन में करीब डेढ़ दर्जन अधिकारी एवं कर्मचारियों से पूछताछ तथा कागजात खंगालने के बाद सीबीआई अधिकारी शुक्रवार को वापस देहरादून रवाना हो गए। उनके जाने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों की धड़कने तेज हो गई है।
योग्यता को दरकिनार कर महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति समेत अन्य मामलों के जांच के सिलसिले में देहरादून से सीबीआई के अधिकारी 10 जुलाई को एएमयू पहुंचे थे।
इस दौरान नियुक्ति के अतिरिक्त पूर्व कुलपति जमीरउद्दीन शाह के निजी वकील को यूनिवर्सिटी की तरफ से 5 लाख का पेमेंट, इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने सड़क निर्माण में गड़बड़ी समेत अन्य मामलों की जांच की।
करीब डेढ़ दर्जन अधिकारियों से पूछताछ की गई और संबंधित कागजात खंगाले गए। शुक्रवार को सीबीआई अधिकारी मौलाना आजाद लाइब्रेरी समेत एएमयू के इमारतों को देखने गए। देर शाम यहां से देहरादून रवाना हो गए। उनके जाने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों की धड़कने तेज हो गई है।
एएमयू रजिस्ट्रार प्रो. जावेद अख्तर ने बताया कि अधिकारियों ने मौलाना आजाद लाब्रइेरी आदि देखने की इच्छा व्यक्त की थी। उन्होंने बताया कि एएमयू प्रशासन द्वारा अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया गया।