ईद के इस्तकबाल के लिए रोशन हुए बाजार
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़ ।
ईद का चांद आज दिख सकता है। ईद के इस्तकबाल में बाजार जगमगा उठे हैं। अमीर निशां दुल्हन की तरह सज-संवर गया है। महिलाएं फुल लेंथ कुर्ता, शोल्डर कट वेस्टर्न, शोल्डर कट टॉप की सबसे ज्यादा डिमांड कर रही हैं।
वहीं, चमकदार नेल पॉलिश व लिपस्टिक की जगह मेट कलर के नेल पॉलिश व लिपस्टिक पसंद किए जा रहे हैं। बाजार में अल्कोहल रहित इत्र व स्प्रे के तकरीबन दो से ढाई हजार की वैराइटी है।
इनकी खुशबू से ईदगाह परिसर महक उठेगा। हाथों में मेहंदी रचने वाले कलाकार भी अमीर निशां में पहुंच गए हैं। अलबत्ता, कुछ दुकानदार खरीद-फरोख्त के मामले में बाजार कुछ ढीला बता रहे हैं।
शनिवार की दोपहर अमीर निशां में खरीदारों की तादाद कुछ कम थी, लेकिन शाम होते ही भीड़ में काफी इजाफा हो गया। रविवार को ईद का चांद दिख सकता है। अगर, ऐसा हो गया तो बाजार में काफी चहलपहल बढ़ जाएगी।
चांद रात में सामान्य दिनों की अपेक्षा सबसे ज्यादा खरीदारी होती है, या यूं कहें कि पूरे रमजान की खरीदारी चांद रात की खरीदारी से कम हो पाती है। हालांकि, रविवार को चांद दिखने की उम्मीद कम है।
विदेशी टोपियों में गजब की दस्तकारी
रमजान महीना मुकम्मल होने के बाद उसका शुक्रिया अदा करने के लिए दो रकात नमाज ईदगाह व मस्जिदों में पढ़ी जाती है। नए-नए कपड़े पहनकर लोग नमाज पढ़ने जाते हैं, तो टोपियों का भी नया होना लाजिमी है।
दोधपुर में दारुल किताब एंड इस्लामिक स्टोर में देश ही नहीं, बल्कि विदेश की टोपियों का खजाना है। मसलन, चेचेन्या, बांग्लादेश, पाकिस्तान, तुर्की, सीरिया समेत अन्य देशों की टोपियां हैं।
चेचेन्या की टोपी अलीगढ़ में पहली बार आई है, इसकी कीमत 500 से 700 रुपये तक की है। टोपियां में गजब की दस्तकारी है। ईद में सुरमा लगाना भी लोग पसंद करते हैं, इसलिए खोजाती सुरमा की मांग ज्यादा है।