न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
चुनावी बिगुल बजने के बाद सरकारी मशीनरी लोकतंत्र के महाकुंभ को संपन्न कराने के लिए तैयारियों में जुट गई है। चुनावों में वाहनों की आवश्यकता को पूरी करने के लिए आरटीओ भी मैदान में उतरकर वाहनों के अधिग्रहण में जुट गए हैं। शनिवार को एआरटीओ के नेतृत्व में टीम ने क्वार्सी चौराहा समेत अन्य स्थानों से दर्जनों छोटे-बड़े वाहनों का अधिग्रहण किया।
एआरटीओ (प्रवर्तन) अभिताभ चतुर्वेदी ने बताया कि अभी प्रशासन की ओर से लिखित में कितनी गाड़ियों की आवश्यकता है ऐसा स्पष्ट निर्देश नहीं मिला है। मौखिक रूप से नौ सौ भारी वाहन एवं साढ़े चार सौ छोटे वाहनों की आवश्यकता बताई गई है। प्रशासन द्वारा बताई गई संख्या के अनुसार वाहनों का अधिग्रहण किय जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर वाहनों की संख्या बढ़ाई गई तो और वाहनों का अधिग्रहण किया जाएगा।