न्यूज डेस्क, अमर उजाला ब्यूरो अलीगढ़।
केडी बाबू स्टेडियम लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश न्यायिक अधिकारी स्पोर्ट्स मीट में अलीगढ़ के जिला जज नवीन श्रीवास्तव बैडमिंटन के एकल व युगल प्रतियोगिता में विजयी रहे।
बैडमिंटन में रेलवे मजिस्ट्रेट अलीगढ़ अभिषेक कुमार चतुर्वेदी व अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहम्मद नसीम की जोड़ी उप विजेता रही। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट स्वतंत्र प्रकाश कैरम प्रतियोगिता में उप विजेता रहे। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रतिभा चौधरी टेबिल टेनिस में उप विजेता रहीं।
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहम्मद तौसीफ रजा ने ओपन टेबल टेनिस व शतरंज में कांस्य पदक जीता। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने बैडमिंटन के युगल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता। सभी विजेताओं को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव त्रिभुवन नाथ पासवान, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विजय कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।