न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मंडलायुक्त अजयदीप सिंह ने कहा कि देश व समाज के विकास के लिए सभी को विशेषकर महिलाओं को शिक्षित होना जरूरी है।
शनिवार को ये बातें उन्होंने टीकाराम कन्या महाविद्यालय के स्थापना दिवस के समापन पर कॉलेज मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ करने के दौरान कहीं।
मंडलायुक्त ने कहा कि छात्राओं को शिक्षा के साथ खेलकूद, नाटक, संगीत, पेंटिंग, लेखन, वाद-विवाद, अन्य सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से उनके अंदर छुपे कौशल को उभारने का कार्य किया जाना आवश्यक है, ताकि वह जीवन के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
समाज में छात्रों को मान-सम्मान देने के लिए महाविद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम सराहनीय कदम है। स्वागत गीत, प्रशस्ति गीत, रूढ़िवादिता पर धार्मिक उदारता व राष्ट्रीय एकता पर आधारित अंग्रेजी नाटक विसर्जन व हिंदी नाटक विजयदशमी का मंचन किया गया।
प्राचार्य डॉ. लकी गुप्ता ने आभार जताया। संचालन मिश्कात आब्दी ने किया। इस अवसर पर हिंदू गर्ल्स एजूकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, सचिव हरि प्रकाश गुप्ता, सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रभारी डॉ. बृजरानी शर्मा, कविता रानी, पवन गुप्ता, संगीता कुमारी, डॉ. मंजू शर्मा, राजेश भार्गव, इंदू सिंह, डॉ. सुमन रघुवंशी, रेखा आर्य आदि मौजूद रहे।