न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
बगैर अग्निशमन इंतजाम एवं एनओसी के चल रहे होटल सील होंगे। विकास प्राधिकरण ने इस मामले में 20 होटल संचालकों को नोटिस जारी किये हैं। कई अन्य होटलों के नोटिस भी तैयार कर लिये गए हैं। जो शीघ्र ही भेजे जाएंगे।
अलीगढ़ महानगर में करीब 75 छोटे बड़े होटल हैं। इनमें से ज्यादातर में अग्निशमन इंतजामों का अभाव है। जहां अग्निशमन उपकरण लगे हैं, वहां उन उपकरणों का प्रापर मेंटीनेंस नहीं हो रहा।
कुछ होटलों में आग से बचाव के लिए दमकलों के पहुंचने का स्थान तक नहीं है। जबकि कई के पास विभिन्न विभागों से मिलने वाली एनओसी तक नहीं है।
इस मामले में लगातार बढ़ती शिकायतों एवं शासन स्तर से आए निर्देशों के बाद अलीगढ़ विकास प्राधिकरण ने इन होटल संचालकों को सीलिंग के नोटिस जारी करने शुरू कर दिये हैं।
प्राधिकरण सचिव डीएस भदौरिया ने स्वीकार किया कि पिछले दो दिनों में करीब 20 होटल संचालकों को सीलिंग के नोटिस दिये गए हैं। कई अन्य होटल संचालकों के नोटिस तैयार कर लिये गए हैं, इन्हें शीघ्र ही भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि मजिस्ट्रेट मिलते ही सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।