न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सादाबाद। खंड शिक्षाधिकारी सादाबाद सुबोध कुमार पाठक ने गुरूवार को मुरसान के प्राथमिक विद्यालय नगला भूरा का निरीक्षण किया। डीएम ने भी यहां 16 नवंबर को निरीक्षण किया था। एबीएसए को निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलीं। हेडमास्टर और एक सहायक अध्यापक द्वारा बिना स्वीकृति लिए ही प्रतिकर अवकाश लिए जाने की मनमानी सामने आई।
एबीएसए सुबोध कुमार पाठक ने बताया कि जब उन्होने विद्यालय का निरीक्षण किया तो पाया कि स्कूल के हेडमास्टर प्रतिकर अवकाश पर थे। जब उन्होने रजिस्टर को चैक किया तो बिना किसी स्वीकृति के नियम विरूद्ध हेडमास्टर अशोक कुमार ने नवंबर के माह में चार प्रतिकर अवकाश ले लिए थे, जबकि एक माह में दो प्रतिकर अवकाश ही शासन द्वारा मान्य हैं।
इसके अलावा एक सहायक अध्यापिका भावना ने भी तीन प्रतिकर अवकाश नवंबर माह में ले लिए थे। इस वजह से हेडमास्टर का दो दिन और सहायक अध्यापिका का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति कर दी गई है। उन्होने अन्य विद्यालयों के शिक्षकों को भी कड़ी चेतावनी दी कि उनकी बिना स्वीकृति के कोई भी शिक्षक प्रतिकर अवकाश नहीं लेगा। एक माह में सिर्फ दो प्रतिकर अवकाश ही दिए जाने का नियम है।