न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के राइडिंग क्लब के घुड़सवार 10 से 16 दिसंबर के बीच गुड़गांव में आयोजित होने जा रहे घुड़सवारी प्रतियोगिता (रिजनल एक्वेस्ट्रियन लीग) में जलवा दिखाएंगे। एएमयू के सात घुड़सवारों का चयन प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
सोमवार को राइडिंग क्लब मैदान में क्लब के नवनियुक्त कप्तान एवं एएमयू छात्र संघ के पूर्व उपाध्यक्ष नदीम अंसारी को क्लब के अध्यक्ष डॉ. वासिफ ने शपथ दिलाई। एएमयू रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद ने तलवार और पूर्व कप्तान तंसीर आलम ने परंपरागत टोपी पहनाई। इस मौके पर नवाब खुर्शीद एवं आले अली उर्फ दानिश को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
नदीम अंसारी एएमयू ने ऐतिहासिक राइडिंग क्लब के 130 वें कप्तान के रूप में शपथ लिया। एएमयू ओल्ड ब्वायज एसोसिएशन, दुबई के यासिर खान ने क्लब को एक घोड़ा देने की घोषणा की।
नदीम अंसारी ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में टीम के साथ बेहतर प्रदर्शन कर एएमयू का नाम रौशन करने के लिए जी जान लगा दूंगा। चयनित खिलाड़ियों में कप्तान नदीम अंसारी के अतिरिक्त सैयद सउद अली, माज खान शेरवानी, सदन सबिह, अब्दुल वाहिद, उमैर खान एवं इमराज गाजी शामिल हैं।