न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
समाजवादी पार्टी की ‘सामाजिक न्याय एवं प्रजातंत्र बचाओ-देश बचाओ’ साइकिल यात्रा गाजीपुर से प्रारंभ होकर नई दिल्ली स्थित जंतरमंतर तक पहुंचेगी। साइकिल यात्रा 19 सितंबर को अलीगढ़ पहुंचेगी। यहां से यात्रा पहासू होकर खुर्जा पहुंचेगी। जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने शनिवार को जिला महासचिव कुंवर बहादुर बघेल के साथ मासिक बैठक में इसकी जानकारी दी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यात्रा स्वागत, ठहराव, खानपान की व्यवस्था वह स्वयं संभालेंगे। इसके लिए कोई भी पदाधिकारी चंदा नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के स्वच्छता अभियान के अंतर्गत शौचालयों, कृषकों की ऋण माफ ी व बीमा, आवास योजना की वास्तविकता जनता के बीच ले जाएं। साइकिल यात्रा के माध्यम से समाजवादी सरकार की योजनाओं व नीतियों से लोगों को अवगत कराया जायेगा। बताया कि 4 से 8 सितंबर तक सपा छात्र जागरूकता सप्ताह होगा। इसमें विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों में जागरूकता शिविर लगाकर संपर्क/पर्चा वितरण, सदस्यता अभियान व नये मतदाता बनाने हेतु जागरण अभियान होगा।
छात्र नौजवान सम्मेलन में शिक्षक सम्मान समारोह तथा संकल्प पत्र भरवाने के साथ सुझाव लिए जाएंगे। बैठक में महानगर अध्यक्ष जावेद अजीज, विनोद सविता, मुजाहिद किदवई, राजीव यादव, शान मियां, जश्शू शेरवानी, ठा.तेजवीर सिंह, राजेश यादव, संजय यादव, नीरज यादव, सुशील गौड़, करुणा सिंह, रामवती सिंह, पूजा गौतम, नीतू शर्मा, सितारा, अजय चौधरी, दिनेश यादव, राकेश यादव, ओमपाल यादव मौजूद रहे।