न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
नगर निगम में इस समय उदासीनता की पराकाष्ठा हो चली है। इस बात का नजारा मंगलवार को हुई नगर निगम पार्षदों की बोर्ड बैठक में देखने को मिला। बोर्ड बैठक में सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं का कोई समाधान नहीं होने और इसका कोई उत्तर अधिकारियों द्वारा नहीं दिए जाने पर पार्षदों का आक्रोश फूट पड़ा, लेकिन नगर निगम के कुछ अधिकारियों की मुख मुद्रा तक नहीं बदली। इसको लेकर अब पार्षदोें ने आंदोलन की राह पकड़ने की तैयारी की है।
बोर्ड बैठक में एक भी पार्षद सफाई और पेयजल की व्यवस्था से संतुष्ट नहीं दिखा। पार्षद नरेंद्र सिंह खासे आक्रामक अंदाज में रहे। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी, निर्माण विभाग के अभियंता और पथ प्रकाश प्रभारी को जमकर खरी खोटी सुनाई, लेकिन इसका खास प्रभाव देखने को नहीं मिला।
पार्षद लक्ष्मीकांत वार्ष्णेय लच्छो तो मोबाइल में कीड़े युक्त पानी की तस्वीर लेकर सदन में दिखाते रहे, लेकिन अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं था। इसी तरह वार्ड संख्या 20 की पार्षद आशा गौतम ने कहा कि उनके क्षेत्र में सफाई और सीवरेज की परेशानी है। एटूजेड कूड़ा नहीं उठाता है। नाला सफाई की जानकारी उन्हें नहीं दी जाती।
कोई जवाब अधिकारियों की तरफ से नहीं आया। वार्ड संख्या 9 की नीलम रानी ने कहा कि उनके क्षेत्र में सफाई का संकट है। पार्षद अलका गुप्ता ने कहा कि उनके यहां कितने सफाई कर्मचारी हैं, जानकारी नहीं दी जाती। नियमित सफाई नहीं होती है। इसका भी कोई जवाब उन्हें नहीं मिला।
वार्ड संख्या 5 की संगीता ने कहा कि उनके बराबर में ही फैक्ट्री है जिसका जेनरेटर प्रदूषण फैलाता है। वार्ड संख्या 3 की पिंकी ने पेयजल समस्या की बात कही। वार्ड संख्या 58 की पार्षद नफीस शाहीन ने कहा कि उनके क्षेत्र से लगातार स्ट्रीट लाइटें उतारी जा रही हैं।
वार्ड संख्या 24 की विमलेश ने क्षेत्र में लाइटें, सड़कों और गंदगी की समस्या रखी। वार्ड संख्या 67 से रुखसाना ने सफाई और अधिकारियों के फोन नहीं उठाने की बात कही, लेकिन इन सभी का पार्षदों को कोई उत्तर नहीं मिला।
बेहद खेदजनक स्थिति है। उत्तरदायित्व की भावना का ह्रास हो रहा है। संवेदनहीनता चरम पर है। जनता हमसे जवाब मांगती है और हम अधिकारियों से पूछते हैं लेकिन या तो गोल मोल उत्तर मिलता है या उत्तर ही नहीं मिलता। बजट का भी पूरा विवरण बजट की प्रति में नहीं दिया गया।
- ठा. पुष्पेंद्र सिंह जादौन, उप सभापति, नगर निगम कार्यकारिणी