न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
नाले नालियों पर बनाए गए स्लैब पर सख्त रुख अपनाते हुए नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने कहा है कि तोड़ लो नहीं तो मैं स्लैब तुड़वा दूंगा। मंडलायुक्त के निरीक्षण से पहले नगर आयुक्त ने मलिन बस्ती का जायजा लिया था। उन्होंने निर्माण सामग्री को सड़क पर रखना प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही सराय गढ़ी में स्वच्छता जोन कार्यालय बनाने की भी घोषणा की।
26 मई को मंडलायुक्त अजय दीप सिंह द्वारा मलिन बस्ती सराय गढ़ी में प्रस्तावित निरीक्षण से पहले नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय पार्षद देव कुमार के साथ शुक्रवार की सुबह जायजा लिया। पैदल मार्च करते हुए नाले नालियों पर अवैध स्लैब डालने वालों को 24 घंटे में स्वयं तोड़ने की चेतावनी दी।
इसके अलावा निरीक्षण के समय निर्माण सामग्री सड़क पर रखकर ब्रिकी करने वालों से प्रतिदिन जुर्माना वसूलने व निर्माण सामग्री जब्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सराय गढ़ी में कमररूउद्ीन पुत्र रफीकउद्दीन द्वारा अपने निर्माणाधीन मकान का अवैध छज्जा बाहर निकालने पर तत्काल उसे तुड़वाये जाने और इसकी सूचना एडीए को देने के लिए कहा।
नगर आयुक्त ने कहा कि सफाई में लापरवाही और शिथिलता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगा। उन्होंने बताया कि सराय गढ़ी कार्यालय स्वच्छता वार्ड संख्या तीन के पीछे की नगर निगम की भूमि पर स्वच्छता जोन कार्यालय बनवाए जाने के निर्देश दिए।
यहां नगर निगम वर्कशॉप के कूड़ा उठाने वाले वाहन खड़े होंगे। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद वार्ड संख्या चार के देव कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिव कुमार, मुख्य अभियंता कैलाश सिंह, महाप्रबंधक जल शैलेंद्र पाठक, अधिशासी अभियंता बीके मिश्रा, रमाकांत राम, सहायक अभियंता एनके कनौजिया, अतर सिंह, स्वच्छता निरीक्षक आरसी सैनी, प्रकाश निरीक्षक रमेशपाल सिंह, अहसन रब, अवर अभियंता अमरीश वर्मा आदि मौजूद थे।
- सराय गढ़ी में मंडलायुक्त के निरीक्षण से पहले व्यवस्थाओं को सही तरीके से कराये जाने व क्षेत्रीय पार्षद संग भ्रमण कर वार्ड में नगर निगम संबंधी व्यवस्थाओं को देखा गया है और अधीनस्थों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये गए हैं।
- सत्य प्रकाश पटेल, नगर आयुक्त