न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू छात्र संघ के उपाध्यक्ष सज्जाद सुभान रॉथर एफआईआर मामले में प्रभावी कार्रवाई के लिए इंतजामिया को आगे करने के पक्ष में हैं। इसको लेकर बीती रात एएमयू छात्र संघ के अध्यक्ष एवं सचिव से उनकी वैचारिक खींचतान भी हुई। हालांकि सभी ने अंत में ज्वाइंट एक्शन कमेटी के निर्णय को तवज्जो देने का निर्णय लिया।
2 मई को हुए बवाल के मामले में एएमयू छात्र संघ एवं एएमयू के प्रॉक्टर आफिस के सुरक्षाकर्मी द्वारा थाने में हिंदू जागरण मंच आदि के खिलाफ एफआईआर की गई है। चर्चा है कि बुधवार की रात कई कैबिनेट सदस्यों के साथ बैठक कर उपाध्यक्ष सज्जाद सुभान रॉथर ने एफआईआर में वीसी एवं इंतजामिया को आगे रखने की मांग की और उससे संबंधित एक प्रस्ताव भी पारित किया।
कहा तो यह जा रहा है कि अध्यक्ष मशकूर अहमद उस्मानी एवं सचिव मो. फहद ने इस निर्णय से अलग राय दी। दोनाें पदाधिकारियों का कहना था कि आंदोलन से संबंधित निर्णय एक्शन कमेटी द्वारा लिया जा रहा है, जिसमें कई सीनियर छात्र शामिल हैं। कैंपस एवं बाहर इस बात की खूब चर्चा है।
इस संबंध में उपाध्यक्ष सज्जाद सुभान रॉथर कहते हैं कि इस संबंध में बाद में बात करेंगे। सचिव मो. फहद कहते हैं कि किसी तरह का मतभेद नहीं है। हम सब एक हैं। जब तक मांगें पूरी नहीं होती, धरना जारी रहेगा।