घर में शौचालय नहीं, तो राखी नहीं बांधेंगी बहनें
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़। स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए परिषदीय स्कूलों में अनोखी पहल की जा रही है। यहां छात्राओं को शपथ दिलाई जा रही है कि जब तक उनके घर में शौचालय न होगा, तब तक वह भाइयों को राखी न बांधें। बीएसए धीरेंद्र कु मार का कहना है कि इसे लेकर सभी बीईओ को निर्देश दिए गए हैं।
देहात या मलिन बस्तियों के ज्यादातर बच्चे परिषदीय स्कूलों में पढ़ते हैं। शिक्षकों को साथ लेकर बच्चे वहां स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए तरह-तरह के अभियान चलाते हैं।
इसी क्रम में अब बेसिक शिक्षा विभाग ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत यह पहल की है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि जब बच्चियां अपने घर पर यह बताएंगी कि उनसे त्योहार के मद्देनजर यह शपथ दिलाई जा रही है, तो निश्चित रूप से इसका असर पड़ेगा। जिले के ज्यादातर स्कूलों में इस तरह की शपथ दिलाई जा चुकी है।