लगातार ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों पर अब कोरोना संक्रमण का खतरा मंडराने लगा है। प्रदेश में कुछ पुलिस कर्मियों के संक्रमित होने के बाद एसएसपी कलानिधि नैथानी ने पुलिस लाइन स्थित अस्पताल में कोविड-19 के उपचार की सभी व्यवस्थाएं युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस लाइन स्थित अस्पताल में अब तक प्राइमरी हेल्थ सेंटर के स्तर की सुविधाएं थीं। यहां पर गंभीर बीमारी से ग्रस्त पुलिसकर्मी पहुंचता था तो उसे मलखान सिंह जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया जाता था। मौजूदा हालात को देखते हुए पुलिस लाइन के इस अस्पताल को कोविड अस्पताल की तरह तैयार करने की कवायद की जा रही है।
अस्पताल में 18 बेड तैयार किए जा रहे हैं। इनमें से चार बेड इमरजेंसी और आईसीयू सुविधाओं से लैस रहेंगे। अस्पताल के प्रभारी डॉ. अभिषेक कुमार ने बताया कि तीन डाक्टर, तीन फार्मासिस्ट, 3 स्टाफ नर्स और 3 मेडिकल स्टाफ की मांग भेजी है, जिसे जल्द उपलब्ध कराए जाने का आश्वासन दिया गया है।