त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पुलिस बल को रवाना करने से पहले एसएसपी कलानिधि नैथानी ने पुलिस बल को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि चुनाव के लिए 350 गाड़ियों को सकुशल रवाना किया गया है।
उन्होंने कहा कि ड्यूटी में तैनात सभी पुलिसकर्मी और अधिकारी बैलट पेपर और मतपेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। प्रत्येक ब्लॉक पर महामारी को ध्यान में रखते हुए आकस्मिक स्थिति के लिए एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी।
मतगणना केंद्रों पर किसी भी एजेंट के पास कोई इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, मोबाइल, माचिस आदि उपलब्ध नहीं रहेगा। प्रत्येक बूथ केंद्र पर फोर्स के लिए खाना किसी भी हालत में सुबह 10 बजे तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित होगा। मतदान केंद्र पर ड्यूटी पर लगे पुलिस अधिकारी और कर्मचारी के द्वारा प्रत्याशी पक्ष या गांव के किसी अन्य व्यक्ति से खाद्य सामग्री स्वीकार नहीं की जाएगी।
एसएसपी ने कहा कि मतदान केंद्र के 100 मीटर वह 200 मीटर के क्षेत्र में बैनर पोस्टर की अनुमति नहीं होगी। इस परिधि में कोई व्यक्ति अवैध हरकत नहीं करेगा। प्रत्याशी का चुनाव बूथ स्थल मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी पर रहेगा।
मतदाताओं द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले वाहन मतदान केंद्र के 200 मीटर की दूरी से बाहर ही खड़े होंगे। एसएसपी ने कहा कि बड़े मतदान केंद्रों पर सुरक्षाकर्मी मतदान केंद्र की छत पर हथियार लेकर तैनात रहेंगे। मतदान केंद्र पर तैनात पुलिस बल अपने कर्तव्य का पालन करेंगे।