जनपद में 178 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं, जबकि 262 लोग वायरस को पराजित कर स्वस्थ हुए हैं। जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या 1376 रह गई है। 178 संक्रमित लोगों में 15 की उम्र 17 वर्ष या उससे कम हैं, जबकि 22 की उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक है। पीएसी 38 बटालियन के नौ और जेएन मेडिकल कॉलेज के सात लोग संक्रमित हुए हैं।
एएमयू वीसी लॉज के तीन लोग चपेट में आए हैं। कासिमपुर पावर हाउस में भी कोरोना पहुंच गया है। चार लोग संक्रमित हैं। शहर के अधिकतर अपार्टमेंट एवं कॉलोनी में कोरोना वायरस फैल चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना तेजी से फैल रहा है। फिलहाल जनपद में 1241 सक्रिय कंटेनमेंट जोन है। निगरानी समितियों द्वारा 317 घरों का भ्रमण किया गया एवं 256 लोगों को मेडिकल किट प्रदान की गई। सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी ने लोगों से मास्क पहनने एवं दो गज की दूरी का ध्यान रखने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सर्दी, जुकाम, बुखार और सांस लेने में तकलीफ होने पर कोविड की जांच कराएं और चिकित्सक से परामर्श लें। कोविड रोधी टीका जरूर लगवाएं।