न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उप्र के सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आगरा में अलीगढ़ के लोकल भाजपा नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने चुनाव पूर्व अलीगढ़ लोकसभा सीट की समीक्षा की, लोकल नेताओं से यहां के जातिगत समीकरण से लेकर पार्टी के जिले में नकारात्मक और सकारात्मक पहलुओं को जाना। आंकड़े जुटाने के बाद उन्होंने पार्टी नेताओं से ज्यादा बातचीत तो नहीं की, मगर उनके बताए हुए आंकड़ों को एक डायरी में नोट करके ले गए। माना जा रहा है कि मतदान पूर्व पार्टी को सीट जिताने के लिए अमित शाह यहां कोई बड़ा दाव चल सकते हैं, जिसका असर आगामी चुनाव प्रचार रैलियों में देखने को मिलने की संभावना है।
आगरा के एक होटल में आयोजित पार्टी की समीक्षा बैठक में अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय, प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल, प्रदेश प्रभारी जेपी नड्डा ने बारी-बारी से ब्रज की सभी लोकसभा सीटों की समीक्षा की। इस कड़ी में अलीगढ़, हाथरस और एटा लोस सीट की समीक्षा उन्होंने एक साथ की। बैठक में मौजूद नेताओं की माने तो अमित शाह आगामी चुनाव रैलियों के संबंध में अभी से प्लान तैयार करने में जुट गए हैं। बाकायदा सभी सीटों पर पार्टी की कमजोरी, मजबूती, नेताओं के बीच की आपसी गुटबाजी को गहनता से समझकर गए हैं, जिससे कि पार्टी मतदान पूर्व इन समस्याओं से पार पाकर वोटरों को अपनी ओर करने में कामयाब हो सके।
हालांकि यह तो आने वाला समय ही बताएगा कि पार्टी अध्यक्ष और सीएम योगी समीक्षा के बाद यहां के लिए क्या प्लान तैयार करके पेश करेंगे। बैठक में अलीगढ़ के जिलाध्यक्ष ठा. गोपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, लोस संयोजक नत्थी सिंह, लोस प्रभारी अशोक राणा, जिला प्रभारी रामनरेश अग्निहोत्री, महानगर प्रभारी विनोद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।