न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बसपा में हाल ही में संगठनात्मक स्तर पर पदनाम बदलने के साथ ही कार्यक्षेत्र में भी परिवर्तन कर दिया गया है। अब तक अलीगढ़ मंडल जोन इंचार्ज रहे रणवीर सिंह कश्यप का काम भी बांटा गया है। अब उनके साथ विजेंद्र विक्रम सिंह को भी अलीगढ़ मंडल जोन इंचार्ज बना दिया गया है।
दोनों मिल कर मंडल के चार जिलों का कामकाज संभालेंगे। जिलाध्यक्ष तिलकराज यादव ने बताया कि गत दिनों बसपा सुप्रीमो मायावती ने लोकसभा चुनाव के बढ़ते हुए कामकाज के मद्देनजर जिम्मेदारी बांट दी है। जिला स्तर पर कार्यरत जोन इंचार्ज की जगह अब जिला प्रभारी बनाए गए हैं, जो विधानसभा वार चुनाव का काम देखेंगे।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि आगरा अलीगढ़ मंडल के सबसे बड़े नेता पूर्व सांसद मुनकाद अली ही हैं। जिनके पास राजस्थान का भी प्रभार है। अलीगढ़ मंडल के चार जिले अलीगढ़, हाथरस, कासगंज और एटा में मंडल जोन इंचार्ज रणवीर सिंह कश्यप और विजेंद्र विक्रम सिंह के सहयोग के लिए दो जोन इंचार्ज रहेंगे।
जिसमें गजराज सिंह विमल और रघुवीर सिंह उषवा को स्थान मिला है। ये दोनों मिल कर अलीगढ़ और हाथरस जिले के कामकाज में सहयोग करेंगे। रोशन लाल माहौर और राजवीर सिंह एटा और कासगंज जिले के कामकाज में मंडल जोन इंचार्ज के साथ जोन इंचार्ज के रूप में काम करेंगे।
गजराज विमल और रघुवीर सिंह उषवा की मदद के लिए अलीगढ़ जिले की सात विधानसभाओं में सात जिला प्रभारी बनाए गए हैं, जो पूर्व में जोन कोआर्डिनेटर कहलाते थे। इसमें बरौली विस क्षेत्र से ओपी आर्य, अतरौली विस क्षेत्र से सुनील सिंह, शहर विस क्षेत्र से डा. मनवीर गौतम, खैर विस क्षेत्र से अर्जुन स्वामी, कोल विस क्षेत्र से विष्णु खरे, इगलास विस क्षेत्र से विष्णु खरे और छर्रा विस क्षेत्र से ठा. मगेंद्र सिंह हैं।