न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जनवरी महीने में योगी आदित्य नाथ के दीनदयाल संयुक्त अस्पताल में प्रस्तावित आगमन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से एसीएम प्रथम रंजीत सिह ने अस्पताल पहुंच कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इससे पहले उत्तर प्रदेश हेल्थ सिस्टम स्ट्रेंथनिंग प्रोग्राम की एक टीम ने आकर अस्पताल के ऊपर एक डाक्यूमेंट्री तैयार की, जिसे लखनऊ में मुख्यमंत्री को दिखाया जाएगा। प्रदेश में पांच मानक अस्पतालों की फिल्म बनाई गई है। जिसमें डीडी अस्पताल भी शामिल है।
आगामी 15 से 20 जनवरी के बीच में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलीगढ़ में आ कर कुछ चार पांच अति महत्वपूर्ण विकास से जुड़ी परियोजनाओं को हरी झंडी दिखा सकते हैं।
इसमें अलीगढ़ से कानपुर सिक्सलेन, अलीगढ़ पलवल फोरलेन, अलीगढ़ मुरादाबाद हाई वे, डिफेंस कॉरिडोर संबंधी कुछ प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसी दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अलीगढ़ में होंगे।
अस्पताल की सीएमएस डॉ. याचना शर्मा ने बताया कि सीएम की विजिट से पहले प्रशासन की ओर से एसीएम प्रथम रंजीत सिंह अस्पताल में निरीक्षण के लिए आए थे।
सीएम के आने से पहले उन्हें डीडी अस्पताल पर बनी एक फिल्म लखनऊ में दिखा दी जाएगी। उत्तर प्रदेश हेल्थ सिस्टम स्ट्रेंथनिंग प्रोग्राम की टीम ने प्रदेश में पांच हास्पिटलों पर फिल्म बनाई है।
इसमें लखनऊ के दो हास्पिटल, प्रयागराज का एक, नोएडा का एक और अलीगढ़ का दीनदयाल हास्पिटल शामिल है। यहां पर 76 लाख रुपये की लागत से इमरजेंसी आदि का सौंदर्यीकरण हो रहा है।