न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
पुलिस के नाम से ही सब खौफ खाते हैं। लेकिन मसूदाबाद स्थित कृष्णा पेट्रोल पंप के आपरेटरों ने यहां आई 41वी वाहिनी पीएसी की गाड़ी में मिलावटी डीजल डालकर इस धारणा को चुनौती दे डाली। डीजल इस कदर मिलावटी था कि गाड़ी का इंजन ही चोक हो गई। इस मामले में पीएसी गाजियाबाद के आरक्षी की शिकायत पर पूर्ति विभाग, विधिक माप विज्ञान विभाग एवं आईओसी की टीम ने शुक्रवार को पेट्रोल पंप पर छापा मारा। छापे के दौरान पेट्रोल के छह एवं डीजल के तीन सैंपल भर लिये। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
यह था मामला
एक नवंबर 2018 को 41वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद की टीम किसी काम से अलीगढ़ आई थी। यहां गाड़ी में डीजल खत्म होने पर अलीगढ़ पुलिस लाइन से पर्ची ली गई और उसके बाद मसूदाबाद स्थित कृष्णा पेट्रोल पंप से डीजल डलवा लिया गया। आरोप है कि डीजल मिलावटी था इस वजह से गाड़ी का इंजन चोक हो गया। इसे सही कराने में करीब डेढ़ लाख का खर्चा आया। इस मामले में आरक्षी रामपाल सिंह ने अपने कमांडेट को जानकारी दी और उनकी सलाह पर एक शिकायती पत्र चार जनवरी 2019 को जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह एवं एसपी सिटी आशुतोष द्विवेदी को भेजा। पीएसी कमांडेंट स्वयं जिला पूर्ति अधिकारी एवं एसपी सिटी से भी मिले। डीएम को भी मामले की जानकारी दी। डीएम के आदेश पर पूर्ति विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की।
पंप का लाइसेंस हो सकता है निरस्त
अलीगढ़। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह की माने तो कृष्णा पेट्रोल पंप से लिये पेट्रोल डीजल के नमूने यदि फेल हो गए तो पेट्रोल पंप का लाइसेंस निरस्त हो सकता है। विभाग जांच रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहा है।
पीएसी की गाड़ी में मिलावटी डीजल डालने एवं गाड़ी का इंजन सीज होने के मामले में आरक्षी ने शिकायती पत्र दिया था। पीएसी के कमांडेंट भी इस मामले में मिले थे। डीएम के आदेश पर कृष्णा पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को चेकिंग हुई है। इस दौरान पेट्रोल के छह एवं डीजल के तीन सैंपल भरे गए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
नीरज सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी