न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट फेडरेशन के आह्वान पर जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन 28 सितंबर को देश व्यापी बंद का आयोजन कर रहा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह टिल्लू ने बताया कि दवा व्यापार में ई-फार्मेसी को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार के द्वारा जारी की गई अधिसूचना के विरोध में 28 सितंबर को यह बंद किया जा रहा है। इस संबंध में एक बैठक हुई जिसमें बंद की रणनीति पर विचार किया गया।
उन्होंने बताया कि वर्षों से केमिस्ट संगठन द्वारा अनेकों बार सभी सरकारों को फार्मेसिस्ट की समस्याओं से अवगत कराया गया। लेकिन इसके बाद भी कोई समाधान नहीं किया गया है।
सरकार ने यदि पहल नहीं की तो राज्य के 90 फीसदी खुदरा दुकानदार अपनी दुकानों को बंद करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन द्वारा 31 दिसंबर 2017 तक खुदरा दवा दुकानों के लिए जारी ड्रग लाइसेंस के अनुपात में फार्मेसिस्ट की कमी को पूरा करने की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने ऑनलाइन दवा व्यापार से दवाओं के व्यापार को लेकर कई गंभीर सवाल भी उठाए। इस अवसर पर महामंत्री आलोक गुप्ता, कोषाध्यक्ष शिव शर्मा, चेयरमैन राजीव जैन, संरक्षक शरद गुप्ता, संगठन मंत्री अशोक जैन, केके राजपूत, सुनील मिश्रा, ब्रजमोहन गुप्ता, आमिर खान, रोहताश गुप्ता, एके शर्मा, प्रशांत गुप्ता, एसडी शर्मा, पूनम सैनी आदि मौजूद थे।