न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने एएमयू विधि संकाय के पूर्व डीन एवं इस्लामिक लॉ के एक्सपर्ट प्रो. मोहम्मद शब्बीर को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
मंगलवार को नई दिल्ली स्थित पार्लियामेंट एनेक्सी में राष्ट्रीय मुस्लिम मंच द्वारा अंतरराष्ट्रीय ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें गृहमंत्री राजनाथ सिंह, आरएसएस के प्रचारक इंद्रेश कुमार, झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं एएमयू कोर्ट सदस्य डॉ. शाहिद अख्तर और अलीगढ़ से प्रो. मोहम्मद शब्बीर के अतिरिक्त करीब 1100 लोग शामिल हुए।
प्रो. शब्बीर ने बताया कि कार्यक्रम बहुत अच्छा रहा। गृहमंत्री से शानदार मुलाकात एवं बात हुई। उन्होंने प्रतीक चिन्ह देकर कहा कि आप जैसे विचार के लोगों की देश को जरूरत है। इससे पूर्व प्रो. शब्बीर ने इस्लाम पर विस्तार से चर्चा की और कहा कि रूल ऑफ लॉ में इस्लाम का महान योगदान है।
उल्लेखनीय है कि मुस्लिम मंच के ईद मिलन समारोह में अपने कार्यकाल के दौरान एएमयू के पूर्व कुलपति जमीरउद्दीन शाह शामिल हुए थे। इसको लेकर यहां खूब हंगामा हुआ था।