न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
खासी माथापच्ची के बाद जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की अनंतिम सूची मंगलवार को प्रकाशित करा दी गई। इस सूची पर 29 जून तक दावे एवं आपत्तियां मांगी गई हैं। कोई भी राजनीतिक दल अथवा अन्य व्यक्ति संबंधित एसडीएम एवं जिला निर्वाचन कार्यालय पर दावा, आपत्ति एवं सुझाव भेज सकता है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 21 मई से 10 जून तक कराए गए शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन के उपरांत निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रस्तावों पर 14 जून को जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ विचार-विमर्श के उपरांत 19 जून को जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की सूची प्रकाशित करा दी गई है।
इनमें विधानसभा क्षेत्र 71 खैर, अनुसूचित जाति, 72 बरौली, 73 अतरौली, 74 छर्रा, 75 कोल, 76 अलीगढ़ एवं 77 इगलास अनुसूचित जाति में अवस्थित सभी मतदेय स्थलों की सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जो संबंधित तहसीलों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में आमजन के अवलोकन के लिए उपलब्ध है।
उन्होंने लोगों से 29 जून तक अपने दावे एवं आपत्तियां अपने क्षेत्र के उप जिलाधिकारी या जिला निर्वाचन कार्यालय अलीगढ़ में किसी भी कार्यदिवस में प्रस्तुत करने का आह्वान किया है।