न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 15 में वाशिंग एप्रैन का निर्माण होने, ट्रैक की मरम्मत होने के कारण बंद की गई गोमती एक्सप्रेस को 8 जून को गोमती एक्सप्रेस की अप सेवा शुरू कर दी। लखनऊ से चल कर आई 12419 अप गोमती एक्सप्रेस महीनों बाद भी समय पर अलीगढ़ नहीं आई।
ट्रेन तकरीबन तीन घंटे की देरी से अलीगढ़ पहुंची। नई दिल्ली से लखनऊ के बीच गोमती एक्सप्रेस इस रेलवे रूट की महत्वपूर्ण ट्रेन है, जो तकरीबन 15 छोटे बड़े शहरों को जोड़ती है।
ट्रेन का सफर दिन का है इसलिए महिलाएं भी इस ट्रेन से सफर करती है। रोजाना अप डाउन करने वाले नौकरीपेशा भी इस ट्रेन का इस्तेमाल करते हैं। शुक्रवार को ये ट्रेन अप रूट से चल कर लखनऊ से नई दिल्ली के लिए संचालित की गई।
शनिवार को इस ट्रेन की अप और डाउन दोनों रूट की सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। इस ट्रेन की सेवाएं नवंबर 2017 से बंद थी, तकरीबन छह महीने के बाद इसकी सेवाएं शुरू होने से मुसाफिरों ने राहत की सांस ली है।