न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सीएम योगी आदित्यनाथ 29 मई को जिले के 48 मेधावी विद्यार्थियों को लखनऊ में सम्मानित करेंगे। इन विद्यार्थियों ने टॉप टेन में जगह बनाई है। यहां से डीआईओएस व संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य इन्हें अपने साथ लेकर जाएंगे।
इसकी तैयारी को लेकर डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों के साथ यहां बैठक की और आवश्यक निर्देश दिए। यूपी बोर्ड में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में जिले में टॉप टेन विद्यार्थियों को प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर उनके अभिभावक भी सम्मानित होंगे।
जिले में टॉप टेन में 48 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है। उन्हें व उनके अभिभावकों को लखनऊ के प्रस्तावित कार्यक्रम में लाने ले जाने के अलावा उन्हें ठहराने और समारोह से वापस लाने की जिम्मेदारी माध्यमिक शिक्षा विभाग की होगी।
इसे लेकर डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने संबंधित विद्यालयोें के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक की और उन्हें आवश्यक निर्देश दिए।