गोंडा का सिपाही लापता, पुलिस तलाश में मांग रही मदद
ब्यूरो,अमर उजाला,अलीगढ़।
गोंडा थाने में तैनात सिपाही के शामली से लापता होने पर अब अलीगढ़ पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई है। थाना प्रभारी गोंडा एक तरफ जहां सर्विलांस की मदद से उसकी सारी जानकारियां एकत्रित कर रहे हैं। वहीं सीओ इगलास ने सोशल मीडिया पर लोगों से तलाश में मदद की अपील की है।
मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला मनमोहन गोंडा थाने में मुंशी पद पर तैनात था। दस दिन पहले अवकाश लेकर वह अपने घर गया, जहां से वह पत्नी के साथ 29 अगस्त को ससुराल शामली पहुंचा।
इसी दौरान उसके पास कोई फोन आया और वह बाइक लेकर वहां से निकल लिया। तब से सिपाही का कहीं कोई पता नहीं है। हालांकि शामली थाने में सिपाही के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। वहां की पुलिस तो सिपाही को तलाश ही रही है, वहीं पत्नी व मां द्वारा एसएसपी से शिकायत करने पर गोंडा पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई है।
उस दिन किसका फोन मनमोहन के मोबाइल पर आया था उसकी भी जानकारी की जा रही है। हालांकि अभी तक पुलिस के पास मनमोहन से जुड़ा कोई भी तथ्य हासिल नहीं हो पाया है। सीओ इगलास ने तो सोशल मीडिया पर उसका फोटो व नाम पता आदि वायरल करते हुए लोगों ने तलाश में मदद की अपील की है।