17 टन गैस से लदा टैंकर पलटा, बड़ा हादसा टला
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
तालानगरी में बीती रात 17 टन एलपीजी गैस से लदा टैंकर डिवाइडर पर पलट गया। गनीमत रही कि टैंकर नहीं फटा, नहीं तो हाहाकार मच जाता। बुधवार को क्रेन की सहायता से इस टैंकर को हटाया गया।
तालानगरी में करीब ढाई किमी लंबे डिवाइडर का निर्माण कार्य सात महीने बाद भी पूरा नहीं हो सका है। जबकि इसके कारण आएदिन हादसे हो रहे हैं। निर्माणाधीन डिवाइडर, जर्जर सड़क और अंधेरा तालानगरी में दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार है। तीन स्कूलों के सामने करीब आधा किमी एरिया को छोड़कर आगे डिवाइडर बना दिया गया है। जिससे अधिकांश ड्राइवरों को लगता है कि डिवाइडर खत्म हो गया है, लेकिन कुछ मीटर बाद फिर से डिवाइडर अचानक शुरू हो जाता है। अंधेरा होने के कारण दुघर्टना हो जाती है।
पिछले साल शुरू हुआ था निर्माण
तालानगरी के उद्यमियों की मांग पर पिछले साल अलीगढ़ विकास प्राधिकरण ने पीएसी के आगे से तालानगरी तक यह डिवाइडर बनवाना शुरू कराया था। मार्च 2017 तक काम पूरा होना था, लेकिन जुलाई में भी काम अधूरा ही है।
आए दिन पलट रहे वाहन
इस डिवाइडर पर करीब 15 दिन पहले एक छोटा हाथी, तो करीब दो माह पहले बारातियों से भरी बस पलट गई थी। एक कार भी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। हाल ही में हुई तेज बारिश के दौरान अंधेरे में दो बसें और एक ट्रक पलट गया है। बाइक, आटो एवं अन्य वाहनों के डिवाइडर में टकराने की घटनाएं भी हो चुकी हैं।
सड़क भी हो गई संकरी
क्वार्सी से तालानगरी तक की रोड की चौड़ाई भले ही 100 मीटर बताई जाती हो, लेकिन डिवाइडर बनने के बाद यह इतनी संकरी रह गई है कि ट्रक आदि बडे़े वाहनों के निकलने की दशा में बराबर से होकर बाइक भी मुश्किल से ही निकल पाती है।
वर्जन
पीएसी से तालानगरी तक डिवाइडर का निर्माण 15 जुलाई तक पूर्ण हो जाएगा। ठेकेदार को जल्द निर्माण कार्य पूर्ण करने के आदेश दिए हैं। - डीएस भदौरिया, एई एवं सचिव एडीए