डेंगू वार्ड में बिना चादर के बेड पर लेटा मरीज
- फोटो : संवाद
वायरल बुखार, डेंगू, मलेरिया का वार बढ़ते ही सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भरमार है। बदलते मौसम में लगातार संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है। जिसके कारण ओपीडी में भी मरीजों की आमद लगातार बढ़ रही है। इसके चलते सरकारी व्यवस्था बेपटरी हो गई है। अस्पतालों में बिना चादर के ही मरीज बेड पर लेटे हैं। इधर, बुधवार को पिछले चौबीस घंटे में डेंगू के 17 मरीज जिले में सामने आए हैं।
शहर के निजी व सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में रोजाना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डेंगू, वायरल बुखार, मलेरिया लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। बुधवार को जिला अस्पताल मलखान सिंह व दीनदयाल अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की अच्छी भीड़ थी। दोनों अस्पतालों में रोजाना करीब 4 हजार से अधिक मरीज डॉक्टरों से परामर्श लेने पहुंच रहे हैं। इसके चलते यहां अव्यवस्थाओं का अंबार लगा है।
बुधवार को जिला अस्पताल में बने डेंगू वार्ड में मरीज बिना चादर के ही बेड पर लेटे नजर आए। वार्डों में मरीजों की जगह तीमारदारों की भीड़ ज्यादा रही। जिससे अस्पताल में अव्यवस्थाएं फैली रहीं। ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई-कई घंटे इंतजार करने के बाद भी लोगों को निराश लौटना पड़ रहा था।
इधर, बुधवार सुबह सूचना पोर्टल पर अपडेट होने पर जानकारी हुई कि 17 मरीज जिले में सामने आए हैं। इस पर देहात में डीएमओ डा.राहुल कुलश्रेष्ठ व एसीएमओ डा.रोहित गोयल की अगुवाई में टीमों ने पहुंचकर निरोधात्मक कार्यवाही की। इस दौरान मरीजों के घरों पर जांच, लार्वा निस्तारण, दवा छिड़काव, दवा वितरण आदि का काम किया। बुधवार की रिपोर्ट में सर्वाधिक मरीज देहात क्षेत्र से मिले हैं।