न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मोटर व्हीकल कोर्ट को दिवानी परिसर से पांच किलोमीटर दूर दीनदयाल में स्थापित करने से नाराज अधिवक्ता बुधवार को भी हड़ताल पर रहे। इस दौरान विभिन्न संगठनों के सैकड़ों अधिवक्ताओं ने दीवानी में प्रदर्शनकारी जुलूस निकाला। जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर हड़ताल स्थगन का फैसला लिया।
दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश बाबू गुप्ता व महासचिव अनूप कौशिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला जज नवीन श्रीवास्तव से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा। इस पर जिला जज ने उन्हें बताया कि तीस अप्रैल को हुई मानीटरिंग सेल की मीटिंग में जिलाधिकारी को अधिवक्ताओं की समस्या से अवगत कराया गया था। अगले दो-तीन दिन में इस समस्या का निस्तारण हो जाएगा।
इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश बाबू गुप्ता की अध्यक्षता में बार कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला जज द्वारा दिए गए आश्वासन के बारे में सभी अधिवक्ताओं को बताया। अधिवक्ताओं ने कहा कि अगर तीन दिन में दूसरा स्थान नियत नहीं किया तो आगे की रणनीति तय कर आंदोलन होगा। इस मौके पर सुनीत गौतम, बलवीर सिंह राना, मनोज चौधरी, धर्मेंद्र पांडेय, संजय चौधरी, संजय शर्मा, गणेश शर्मा, विनोद रावत, संदीप भारद्वाज, रिंकू शर्मा, योगेश सारस्वत आदि मौजूद रहे।