क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के सिविल लाइंस इलाके में हुए कारोबारी फहद हत्याकांड में आरोपी कुख्यात शूटर मुनीर की सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये कोर्ट में पेशी हुई।
इस दौरान दूसरे आरोपी अतीउल्लाह को भी आना था, मगर वह कोर्ट में पेश नहीं हुआ। इसलिए इन दोनों आरोपियों पर आरोप तय नहीं हो सका। अब सुनवाई के लिए अगली तारीख नियत कर दी गई है।
सिविल लाइंस इलाके में कई साल पहले कारोबारी फहद की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह अपनी पत्नी संग बाजार से लौट रहे थे।
इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने एएमयू के तत्कालीन लॉ छात्र आशुतोष मिश्रा को जेल भेजा था, जबकि मुनीर व अतीउल्लाह आदि फरार थे। बाद में दोनों जेल गए।
अब अदालत में मामले में ट्रायल शुरू हो गया है। इसी मामले में दिल्ली तिहाड़ जेल में निरुद्ध मुनीर की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये एडीजे-3 के न्यायालय में पेशी हुई।
मगर अतीउल्लाह के न आने के कारण इस मामले में आरोप तय नहीं हो सके। अधिवक्ता नीरज चौहान के अनुसार अब अगली तारीख नियत कर दी गई है।