न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सीएमओ जांच में योग्य चिकित्सक समेत अन्य अनियमितताओं के चलते एसडीएम कोल ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ शुक्रवार को जीटी रोड धनीपुर मंडी के समीप स्थित राधाकृष्ण मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल पर सील ठोंक दी। सीएमओ जांच में इस अस्पताल का आपरेशन थियेटर पहले ही सील किया जा चुका है।
एसडीएम कोल रंजीत सिंह ने बताया कि इस अस्पताल के मामले में पिछले दिनों सीएमओ को शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि अस्पताल में उनके किसी संबंधी का आपरेशन किया गया और इस दौरान भारी अनियमितताएं बरती गईं।
अस्पताल प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद न तो यहां योग्य चिकित्सक मौजूद हैं और न ही अन्य आवश्यक सुविधाएं। सीएमओ डा. एमएल अग्रवाल ने जांच करायी तो आरोप सही पाए गए। इसके बाद सीएमओ के आदेश पर इस अस्पताल का आपरेशन थियेटर सील कर दिया गया था।
मामले की रिपोर्ट मिलने पर डीएम चंद्रभूषण सिंह ने मजिस्ट्रेट नामित करते हुए पूरा अस्पताल ही सील करने के आदेश कर दिए। इसके अनुपालन में शुक्रवार को एसीएमओ डा.दुर्गेश कुमार एवं गांधी पार्क पुलिस के साथ अस्पताल को सील कर दिया गया।