डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
49वीं केंद्रीय विद्यालय स्कूल नेशनल स्पोर्ट्स मीट अंडर-19 के पहले दिन सात मैच खेले गए। इसमें देशभर के 23 रीजन के केंद्रीय विद्यालय स्कूल के बच्चे हिस्सा ले रहे हैं। आगरा, वाराणसी, अहमदाबाद, देहरादून, दिल्ली, जयपुर व कोलकाता ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में पहुंच गई।
डीपीएस अलीगढ़ स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में जम्मू कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर 128 रन बनाए। ओवैस खान ने 32 रन की पारी खेली। जवाब में उतरी आगरा की टीम ने 17 ओवर में 133 रन बनाकर मैच जीत लिया। सौरभ ने 40 रन बनाए।
डीपीएस हाथरस स्टेडियम में वाराणसी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करके छह विकेट पर 131 रन बनाए। अमित सिंह ने 35 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पटना की टीम 14.4 ओवर में 72 रन बनाकर आउट हो गई। वाराणसी ने 59 रन से मैच जीत लिया।
जबलपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर 101 रन बनाए। आशु यादव ने 23 रन की पारी खेली। जवाब में उतरी अहमदाबाद की टीम ने 17 ओवर में 102 रन बनाकर मैच जीत लिया। नीरज ने 46 गेंद पर 51 रन की अर्द्ध शतकीय पारी खेली।
तीर्थधाम मंगलायतन क्रीड़ा मैदान पर देहरादून की टीम 176 रन बनाए। यशराज ने सर्वाधिक 56 रन बनाए। जवाब में उतरी बंगलूरू की टीम 151 रन बना सकी। देहरादून ने 25 रन से मैच जीत लिया। लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करके 128 रन बनाए। सुरजीत ने 37 रन बनाए। जवाब में उतरी दिल्ली 129 रन बनाकर आठ विकेट से मैच जीत लिया। ध्रुव ने 74 रन की पारी खेली।
मंगलायतन विवि क्रिकेट मैदान पर जयपुर की टीम ने 122 रन बनाए। अंकित ने 42 रन बनाए। जवाब में उतरी चंडीगढ़ की टीम 15 ओवर में 51 रन पर सिमट गई। जयपुर ने 71 रन से मैच जीत लिया। कोलकाता ने 208 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी सिलचर सिर्फ 42 रन पर ढेर हो गई। कोलकाता ने 166 रन से जीत हासिल की।