न्यूज डेस्क, अमर उजाला,अलीगढ़।
स्कूली वाहनों के आए दिन दुर्घटनाग्रस्त होने और मासूमों की जिंदगी से खिलवाड़ को रोकने के लिए के लिए परिवहन मंत्री की सख्ती का असर यह है कि महज 90 मिनट के अंदर परिवहन विभाग ने 52 स्कूली वाहनों का भौतिक सत्यापन कर लिया। इस भौतिक सत्यापन में पांच को अनफिट बताते हुए अन्य सभी को फिटनेस का सर्टिफिकेट दे दिया गया।
परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने संभागीय परिवहन अधिकारियों को स्कूली वाहनों के भौतिक सत्यापन के आदेश दे रखे हैं। आठ अप्रैल को नुमाइश मैदान में निरीक्षण के दौरान 459 में 275 वाहन भौतिक सत्यापन के लिए पहुंचे। इनमें से 190 फिट मिले जबकि 85 अनफिट थे।
इन वाहनों को एक सप्ताह में खामियां दुरुस्त कराकर पुन: रविवार को नुमाइश मैदान में फिटनेस जांच के लिए बुलाया गया था। अन्य बचे हुए वाहनों की फिटनेस जांच के लिए रविवार को नुमाइश मैदान में लाने का अंतिम नोटिस बीएसए के जरिए दिया गया था। इसका स्कूल संचालकों पर कोई असर नहीं हुआ।
रविवार को महज 52 वाहन भौतिक सत्यापन के लिए पहुंचे। इन्हें आरआई वीके सिंह ने महज 90 मिनट में सत्यापन के बाद चलता कर दिया। आरआई ने बताया कि बचे हुए वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इन्हें स्कूल या फिर सड़कों पर चालान काटकर थानों में खड़ा कराया जाएगा।