एक वर्ष में कई लूटें हुईं, एक का भी खुलासा नहीं
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना क्वार्सी के महेशपुर रोड पर हार्डवेयर कारोबारी दिलशाद के यहां हुई दिन दहाड़े लूट की घटना के बाद तथ्य सामने आया है कि इसी तर्ज पर पिछले एक वर्ष में तीन चार घटनाएं इसी इलाके में हो चुकी हैं। किसी भी घटना का आज तक खुलासा नहीं हो सका है। बाइक सवार युवक होते हैं। घर में बंधक बना लेते हैं। नकाब पहना होता है। लूटपाट करने के बाद चले जाते हैं।
जमालपुर, हमदर्द नगर, महेशपुर रोड, धौर्रा माफी आदि इलाके हैं जिनमें पिछले एक वर्ष में लूटपाट की घटनाएं इसी तर्ज पर हुई हैं। इसी इलाके में रहने वाले एक डाक्टर जो कि देहली गेट पर प्राइवेट क्लीनिक चलाते हैं, उनके घर में बंधक बना कर लूटपाट की गई। इस घटना में भी बाइक सवार ही लुटेरे थे और चेहरे ढके हुए थे।
इसके बाद जवां सीएचसी पर तैनात एक एक्सरे टेक्नीशियन के घर में भी इसी तरह परिवार को बंधक बना कर लूटपाट की गई। इसमें लुटेरे बाइक सवार थे और चेहरे ढक रखे थे। इसी क्षेत्र में रहने वाले एक कबाड़ा कारोबारी के यहां पर भी परिवार को बंधक बना कर लूटपाट की गई। इनमें से किसी भी घटना का आज तक खुलासा नहीं हो सका है।
दूसरी ओर एक ही तर्ज पर घटनाओं को अंजाम दिए जाने से कयास लगाए जा रहे हैं कि यह लुटेरों के एक ही गैंग का काम है। यह भी माना जा रहा है कि यह कई लोग हो सकते हैं और अलग-अलग ठिकानों पर अलग-अलग लोग वारदातों को अंजाम देते हों। फिलहाल इस क्षेत्र में बंधक बना कर लूटपाट किए जाने की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती हैं।