किसानों को दी बैंकिंग योजनाओं की जानकारी
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
कोल ब्लाक के गांव भरतरी में वित्तीय साक्षरता केंद्र द्वारा ग्रामीणों को बैंकों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गईं। किसानों को बताया गया कि वह किस तरह बिना इंटरनेट और स्मार्ट फोन के भी साधारण मोबाइल पर योजनाओं की जानकारी ले सकते हैं।
कार्यक्रम में वित्तीय सलाहकार एचसी पांडेय ने किसान क्लब एवं ग्रामीणों को बैंक में संचालित योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने जनधन योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा ऋण योजना, स्टार्टअप इंडिया, शिक्षा ऋण, केसीसी ऋण तथा एटीएम कार्ड की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण बिना इंटरनेट कनेक्शन वाले फोन द्वारा भी यूएसएसडी कोड (स्टार 99 हेज) डायल करके बैंक में लेनदेन की जानकारी ले सकते हैं। बस इसके लिए उनका मोबाइल नंबर खाते से जुड़ा हो। साथ ही एटीएम/डेबिट कार्ड का होना आवश्यक है।
उन्होंने डेबिट के प्रयोग में सावधानी रखने की सलाह भी दी। वहीं किसानों को परेशानी होने पर बैंक में या बैंकिंग लोकपाल के यहां शिकायत करने के जानकारी भी दी गई। इस दौरान ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त शाखा प्रबंधक योगेश कुमार गुप्ता, विजय शर्मा आदि मौजूद थे।