राहगीरों को रोककर दो घंटे तक लूटते रहे बदमाश
ब्यूरो, अमर उजाला, अतरौली (अलीगढ़)।
बरला और अतरौली के बॉर्डर पर स्थित गांव भवीगढ़ और चैंडौली बुजुर्ग के बीच कोरह मार्ग पर सोमवार की रात बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। करीब दो घंटे तक बदमाश इस सड़क पर निकलने वालों को रोककर लूटते रहे। लूटपाट करने के साथ लोगों को बंधक बनाए रहे। चर्चा है कि छह से अधिक लोगों से लूटपाट हुई है। उधर पुलिस इस लूटपाट से अनजान बनी है।
सोमवार रात बदमाशों ने चैंडौली बुजुर्ग और भवीगढ़ के निकट सुनसान खंडहर के निकट सड़क पर दो घंटे तक लूटपाट किया। बताते हैं कि गांव कोरह रघुपुरा निवासी संजय शर्मा की छोटी बेटी की तबियत खराब हो गई थी। देर रात वह पत्नी रितु के साथ बाइक से बेटी को दवा दिलवाकर अतरौली से गांव के लिए लौट रहे थे। बदमाशों ने तमंचे दिखाकर उन्हें रोक लिया। पास में मौजूद 15 हजार रुपये, उनकी पत्नी से सोने की जंजीर आदि लूट लिए और खेत में बिठा दिया।
बदमाश जिन राहगीरों को पकड़ते और लूटते, उन्हें खेत में बिठाते जाते। एक बदमाश उनके पास तमंचा ताने खड़ा रहा। इसके बाद खेतों में पानी लगाने जा रहे चैंडौली बुजुर्ग निवासी सतीश पुत्र प्रेमराज को बदमाशों ने पकड़ लिया। उसके पास से 150 रुपये लूट लिए।
गांव भवीगढ़ के राधेश्याम प्रजापति, पंकज प्रजापति और राकेश प्रजापति अहमदपुरा स्थित शराब फैक्ट्री में काम कर एक ही बाइक से गांव लौट रहे थे। बदमाशों ने उन्हें भी रोक लिया। मारपीट कर बाइक छीन ली। इसके बाद बदमाश भागने लगे तो लुटे हुए लोगों ने शोर मचा दिया। इस पर गांव भवीगढ़ के तमाम लोग शोर मचाते हुए उस ओर दौड़े तो बदमाश बाइक छोड़कर भाग निकले।
उधर अतरौली और बरला पुलिस इस वारदात से इनकार कर रही है। अतरौली कोतवाल शत्रुघन उपाध्याय कहते हैं कि घटना संज्ञान में नहीं है। जो जगह बताई जा रही है वो बरला क्षेत्र में है। वहीं, एसओ बरला राकेश पांडेय के अनुसार बरला थाने की सीमा में कोई वारदात नहीं हुई।