न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से देवर्षि नारद की जयंती पर रविवार को रामघाट रोड स्थित होटल महाजन पैलेस में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता राजेंद्र सिंह ने की। मुख्य अतिथि मंडलायुक्त अजयदीप सिंह व विशिष्ट अतिथि एसएसपी आकाश कुलहरि रहे। कार्यक्रम में मंचासीन मुख्य वक्ता प्रो. डॉ. अरुण कुमार भगत ने कहा कि देवर्षि नारद की पत्रकारिता लोक कल्याण और लोक हित के लिए थी। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से सामाजिक सरोकार की पत्रकारिता की सीख मिलती है।
वह लोक शिक्षण के दृष्टांत पुरुष थे। आज पत्रकारिता में समाज जीवन के सकारात्मक पहलुओं को उजागर करने की आवश्यकता है। हमें उनसे सीख लेनी चाहिए। उनकी पत्रकारिता को आत्मसात करना समय की मांग है। मंडलायुक्त ने सभी पत्रकारों व अतिथियों को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन महानगर प्रचारक प्रमुख महेश कुमार ने किया।
इस दौरान विभाग प्रचारकों ने सभी मंचासीन अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर संजय कुमार, अमित कुमार, गवेंद्र सिंह, अविनाश शर्मा, राकेश गौतम, योगेश कुमार, प्रकाश कुमार, मनोज कुमार, विभाग संघ चालक राजकुमार विभाग कार्यवाह ललित कुमार, महानगर संघ चालक अजय कुमार, रतन कुमार, भूपेंद्र कुमार, डा. डीपी पांडेय आदि मौजूद रहे।