क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर अब जनपद में आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए यूआईडीएआई खुद अपने सेंटर खोलने का प्लान बना रहा है। इसकी शुरुआत सूबे की राजधानी से होने जा रही है। राजधानी में तीन सेंटर खुलने के बाद अलीगढ़ सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी सेंटर खोले जाने हैं।
आधार सेवा केंद्रों पर लोगों को रजिस्ट्रेशन के लिए पासपोर्ट की तरह ही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना होगा। इसमें मिली तारीख और समय पर पहुंचने वाले लोगों को लाइन में नहीं लगना होगा। डाक विभाग के अधिकारियों के मुताबिक हर केंद्र में 15 से 20 बायोमीट्रिक मशीनें होंगी और इतने ऑपरेटर होंगे।
हर केंद्र पर यूआईडीएआई का मैनेजर तैनात होगा। जो पूरे सिस्टम की मॉनिटरिंग करेगा। इसके साथ ही आधार सेवा केंद्रों पर टोकन सिस्टम लागू होगा। अगर कोई व्यक्ति ऑनलाइन अपॉइंटमेंट नहीं ले सकता तो वह आधार सेवा केंद्र पर जाकर भी समय ले सकेगा।
साढे़ तीन हजार के करीब आवेदक प्रतीक्षा सूची में
वर्तमान में आधार कार्ड संशोधन और नये आधार कार्ड बनवाने के लिए लोगों को कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है। प्रधान डाकघर में साढे़ तीन हजार के करीब आवेदन लंबित हैं। लोगों को आवेदन करने के बाद तीन-तीन माह तक का इंतजार करना पड़ रहा है। इधर, बैंक भी अपनी मनमानी पर आमादा है। बैंकों में आधार कार्ड संशोधन या नये आधार कार्ड बनने का काम ही नहीं हो रहा है।